लुधियानाः जिले नीला झंडा रोड स्थित आटा चक्की में देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय चक्की की पहली मंजिल पर गुरचरन सिंह परिवार के साथ सो रहे थे। इस दौरान चक्की में आग लगने से धुआं उठने से गुरचरन सिंह की नींद खुल गई। इसके बाद उन्होंने लोगों को मदद के लिए बुलाया। लोगों की तत्परता से परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले आटा चक्की की ग्राउंड फ्लोर पर लगी। देखते ही देखते धुआं और लपटें फैलने लगीं।
View this post on Instagram
आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के पार्षद पति सिमू भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। वहीं, दमकल विभाग के फायर अफसर राजिंदर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। विभाग की 2 से 3 फायर टेंडर करीब एक घंटे तक आग बुझाने में जुटी रहीं, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
गनीमत रही कि आग केवल ग्राउंड फ्लोर तक ही सीमित रही और पहली मंजिल पर बने रिहायशी हिस्से तक नहीं पहुंची। हालांकि, आग से आटा चक्की में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गुरचरन सिंह का परिवार पूरी तरह सुरक्षित बच गया। दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। विभाग की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
Only video shot